गुलदार देख चारे की गठरी फेंक भागे किसान
हरेवली। साहूवाला वन क्षेत्र से सटे कई गांवों में गुलदार का आतंक है। रविवार को जंगल से चारा लेकर लौट रहे किसान ने रास्ते में गुलदार को देख चारे की गठरी फेंक शोर मचाते भागेे। जंगल में आसपास काम कर रहे अन्य किसान उनकी ओर दौड़ पड़े। लोगों को आता देख गुलदार भाग निकला।
भगौता निवासी जयपाल चंद्रपाल, ओमप्रकाश, राजेश, राजो देवी, संतोष आदि किसानों ने बताया कि रविवार सुबह जंगल से चारा लेकर आ रहे थे। लियाकत के खेत के समीप रास्ते में गुलदार को देख घास की गठरी फेंक मचाते हुए भागे। शोर सुनकर पास के खेतों में काम कर रहे किसान रामलाल सिंह, हेतराम सिंह , मो. इस्लाम, छतर सिंह, छोटन सिंह आदि किसान दौड़कर आए। गुलदार जंगल की ओर भाग गया। किसानों का कहना है कि गुलदार देखे जाने की सूचना वन विभाग को लगातार दी जा रही है, लेकिन विभाग ध्यान नहीं दे रहा है। उधर वन क्षेत्राधिकारी वीरेंद्र सिंह रावत का कहना है कि भगौता के समीप गुलदार होने की सूचना मिल रही है। टीम भेजकर गुलदार की लोकेशन पर पिंजरा लगा पकड़ने का प्रयास होगा।