कोतवाली देहात/नहटौर। शुक्रवार को जिले में हुई भाकियू टिकैत की ब्लॉक स्तरीय बैठकों में किसानों की विभिन्न समस्याओं के निस्तारण की मांग की गई। वक्ताओं ने निराश्रित पशु, बिजली तथा गन्ना पर्चियों से संबंधित समस्याएं उठाई गईं। समस्याओं का समाधान नहीं होने पर आंदोलन को चेताया गया।
कोतवाली ब्लॉक परिसर में हुई बैठक की अध्यक्षता करते हुए ब्लॉक अध्यक्ष चौधरी बलजीत सिंह ने कहा कि किसान जंगली जानवरों, संरक्षित पशुओं के साथ बंदरों के आतंक से पीड़ित हैं। ये फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। उन्होंने फुंके ट्रांसफार्मर बदलवाने की मांग की। प्रयागराज में 16 से 18 जनवरी तक होने वाले तीन दिवसीय चिंतन शिविर में पहुंचने का आह्वान किया गया। संचालन शौवीर सिंह ने किया। डॉ. धर्मवीर सिंह, राम भजन सिंह, महेंद्र सिंह, भूदेव सिंह, मूलचंद सिंह, भोला सिंह, भूपेंद्र सिंह, पुखराज सिंह आदि रहे।
नहटौर ब्लॉक परिसर में हुई भाकियू की मासिक बैठक के बाद बीडीओ प्रताप सिंह को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में इसमें गलत बिजली बिलों की जांच कर सुधार कराने, निराश्रित पशुओं को पकड़वाने, धामपुर शुगर मिल के गन्ना क्रय केंद्रों पर ऑफलाइन पर्ची आपूर्ति करने तथा बड़े कांटे लगवाने की मांग की गई। इसके अलावा नगर पंचायत क्षेत्र के नालों की समय पर सफाई और मिल से कोल्हू व क्रशरों के बीच 15 किमी दूरी के प्रतिबंध को हटाने की मांग की गई। किसान ने मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। ब्लॉक अध्यक्ष मुनेश कुमार, विजयपाल सिंह, महेंद्र सिंह, रोहित राणा, विकास कुमार, संजीव कुमार आदि रहे।
गांवों को पैगंबरपुर बिजलीघर से जोड़ने की मांग
अफजलगढ़। भाकियू टिकैत की शुक्रवार को ग्राम पैगंबरपुर स्थित बिजली घर पर हुई बैठक के बाद एसडीओ अफजलगढ़ को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में ग्राम अभयराजपुर अल्हैपुर, मोहकमपुर, मोहम्मदपुर राजौरी आदि गांवों में ट्यूबवेल के कनेक्शन अफजलगढ़ बिजलीघर से हटाकर पैगंबरपुर बिजली घर से जोड़ने की मांग की गई।
घरेलू मीटर जंपिंग की समस्या व खंबों पर तार जोड़ने के नाम पर किसानों से एक हजार रुपये लेने का विरोध किया गया। बैठक में चेताया गया कि यदि इन समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो भाकियू आंदोलन के लिए मजबूर होगी। अध्यक्षता ओम प्रकाश सिंह ने व संचालन राणा सिंह ने किया। इस मौके पर ब्लाॅक अध्यक्ष शैलेंद्र चौहान, हेमराज सिंह, सौरभ, निपेंद्र, राजकुमार, महिपाल सिंह, राजेश आदि रहे।