- शास्त्री चौक से वीकेआईटी तक बदहाल है बिजनौर-कोतवाली मार्ग
- अधिशासी अभियंता बोले, एक-दो दिन में चालू हो जाएगा निर्माण
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। शास्त्री चौक से वीकेआईटी कॉलेज तक बिजनौर-कोतवाली मार्ग बदहाल है। जिसे लेकर किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। भाकियू अराजनीतिक के पदाधिकारी लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता का घेराव करते हुए सड़क पर ले गए। सड़क के किनारे बैठाकर गड्ढों से जूझ रहे लोगों की समस्या से रूबरू कराया।
शुक्रवार को गांव गढ़ी में सड़क पर भाकियू अराजनीतिक के बैनर तले धरना दिया गया। जिलाध्यक्ष नितिन सिरोही ने कहा कि अगर दो दिन में काम शुरू नहीं हुआ तो लोनिवि के अधिकारियों को उनके कार्यालय में बैठने नहीं दिया जाएगा। कहा कि विदुर सभागार में 19 अक्तूबर को प्रशासनिक अधिकारियों के साथ हुई वार्ता में अधिशासी अभियंता द्वारा आश्वासन दिया गया था कि 2 नवंबर तक शास्त्री चौक से वीकेआईटी कॉलेज तक सड़क का निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा। लेकिन निर्धारित समय सीमा बीत जाने के बाद भी मौके पर निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ।
भाकियू अराजनीतिक के जिलाध्यक्ष ने अधिशासी अभियंता को सड़क पर गड्ढों से जूझ रहे लोगों की समस्या से अवगत कराया। साथ ही सड़क किनारे धरने पर बैठाकर उन्हें सड़क से गुजर रहे लोगों की समस्या से रूबरू कराया। जिलाध्यक्ष नितिन सिरोही ने कहा कि गहरे गड्ढे हैं और लोग चोटिल हो रहे हैं। लोगों के साथ वाहन भी खराब हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि करीब पांच साल से सड़क की समस्या है और कोई सुनने को तैयार नहीं है।
बजट भी मिलने के बावजूद सड़क की अफसर सुध नहीं ले रहे हैं। इस दौरान अतुल बालियान, नितेन्द्र प्रधान, अंकुल उर्फ डैनी, शुभम चौधरी, देवानंद भूमिहार, समरपाल सिंह, कपिल कुमार, कुलबीर सिंह, स्पर्श, अनुज आदि भाकियू के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
वहीं लोनिवि के अधिशासी अभियंता हेमंत प्रताप सिंह ने बताया कि सड़क निर्माण के लिए निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। ठेकेदार एक-दो दिन में ही काम चालू करने वाला है।