-भागूवाला से कोटद्वार जा रहा था परिवार
नजीबाबाद। भागूवाला से कोटद्वार जा रहे परिवार में शामिल मां और बेटी की गांव चतरूवाला के निकट ट्रैक्टर पलटने से मौत हो गई। महिला का पति और बेटा भी हादसे में घायल हो गए।
कोटद्वार के शिवराजपुर निवासी दीपक (35) अपनी पत्नी सीमा (32 ), 11 वर्षीय पुत्री श्रद्धा और सात वर्षीय पुत्र दिव्यांश के साथ भागूवाला में अपनी ससुराल भाई दूज पर गया था। शुक्रवार की सवेरे वह परिवार के साथ भागूवाला से कोटद्वार लौट रहा था। मोटाढाक ग्राम पंचायत के गांव चतरूवाला क्षेत्र में सुबह करीब 8:30 बजे ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रैक्टर पलटने से दीपक की पत्नी सीमा और पुत्री श्रद्धा गंभीर रूप से घायल हो गईं।
कोटद्वार अस्पताल ले जाने पर दोनों को चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना में दीपक और उसका पुत्र दिव्यांश भी घायल हो गया। घायलों को कोटद्वार के सरकारी अस्पताल में उपचार दिलाया गया। जाफराबाद चौकी प्रभारी मुकेश राजौरा ने घटना की सूचना मिलने पर कोटद्वार अस्पताल पहुंचकर घटना की जानकारी ली। महिला के पति दीपक और ससुराल पक्ष ने पुलिस को घटना के संबंध में कोई कार्रवाई नहीं करने की तहरीर देकर दोनों शव अपने साथ ले लिए। सीओ सुनील कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों के अनुरोध पर दोनों शव उन्हें सौंप दिए गए हैं।