चुनाव परिणाम की टीवी पर ली पल-पल की खबर
बिजनौर। चुनाव परिणाम जानने के लिए लोगों में उत्सुकता रही। अधिकांश लोग सुबह ही टीवी से चिपक गए और पल-पल की खबर लेते रहे। मतगणना स्थल के बाहर भी प्रत्याशियों के समर्थकों की भारी भीड़ मौजूद थी।
सुबह जब मतगणना शुरू हुई तो अधिकांश लोग मतदान का परिणाम जानने के लिए टीवी के सामने बैठ गए। सबसे ज्यादा दिलचस्पी उत्तर प्रदेश का चुनाव परिणाम जानने में थी। 11 बजे तक लगने लगा कि योगी सरकार फिर से आने वाली है, तो भाजपा समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। मतगणना को देखते हुए अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहे और जिला बार हॉल में अधिकतर अधिवक्ता टीवी पर परिणाम सुनते रहे।
योगी सरकार के दोबारा आने पर जिला बार के पूर्व अध्यक्ष एसके बबली एंव वरिष्ठ अधिवक्ता केडी सिंह के चेंबर पर जजी में मिष्ठान वितरण किया गया। दोपहर तीन बजे के बाद विजेता प्रत्याशियों के कैंपों में उत्सव का माहौल बन गया। विजेता भाजपा प्रत्याशियों के समर्थकों ने एक-दूसरे का गुलाल लगाकर स्वागत किया। बिजनौर की महिला संगठन की पदाधिकारियों ने भगवा टीका लगाकर भाजपा सरकार बनने की बधाई दी। बसपा समर्थक मतगणना में अपनी स्थिति देख दोपहर बाद ही खिसक गए। कांग्रेस की खराब हालत के चलते कांग्रेस समर्थक भी मतगणना स्थल पर नजर नहीं आए।