बिजनौर में पर्यटन व महिला कल्याण मंत्री रीता बहुगुणा जोशी ने सहारनपुर में हुई घटना के लिए अफसरों को जिम्मेदार बताया। कहा कि अफसरों की चूक से यह घटना हुई है। मायावती का उत्तेजनापूर्ण भाषण भी माहौल बिगाड़ने का एक कारण है। अफसरों ने बिना किसी तैयारी के मायावती को भाषण देने की अनुमति दे दी। मायावती के सहारनपुर आने के बाद पैदा होने वाले हालात को अफसर भांप नहीं पाए।
एक बैंक्वेट हॉल में प्रेसवार्ता के दौरान रीता बहुगुणा जोशी ने कहा कि सहारनपुर की घटना पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कड़ा एक्शन लेकर अफसरों को सस्पेंड किया है। भीम सेना पर उन्होंने कहा कि किसी को भी जाति या सांप्रदायिक उन्माद नहीं फैलाने दिया जाएगा। पूरे प्रकरण की जांच निष्पक्ष होगी। बुलंदशहर की घटना पर उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं दुखद होती हैं। अपराधियों को किसी भी सूरत में छोड़ा नहीं जाएगा। अपराध को लेकर योगी सरकार की जीरो टोलरेंस की नीति है। अपराधियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होगी। पिछले 15 साल से प्रदेश में गुंडा व माफियाराज था। नेता ही अपराधियों को शरण देते है, इसे सुधारने में थोड़ा वक्त लगेगा। उन्होंने लिंगानुपात बिगड़ने के सवाल पर बताया कि पिछले 15 सालों में इस दिशा में कोई काम नहीं हुआ है। अब सरकार योजना शुरू करने जा रही है। जहां भी अवैध अल्ट्रासाउंड होंगे, वहां सरकार द्वारा गठित कमेटी के सदस्य छापा मारेंगे। सूचना देने वाले को पुरस्कृत किया जाएगा।