नजीबाबाद में अतिक्रमण हटाओ अभियान में भारत सिनेमा तिराहे से स्टेशन तक स्थायी और अस्थायी अतिक्रमण हटाए। अतिक्रमण करने वाले कारोबारियों पर जुर्माना लगाया।
एसडीएम सहदेव मिश्र, सीओ संजय राय, ईओ विनोद कुमार के नेतृत्व में नगर में चलाए अतिक्रमण हटाने के अभियान में तहसील फ्लाईओवर के नीचे खोखे तथा आसपास हाईवे के दोनों किए अतिक्रमण जेसीबी से ध्वस्त किए । सख्ती से चलाए अभियान से तहसील मार्ग पर हड़कंप मच गया।
एसडीएम, सीओ के नेतृत्व में टीम ने भारत सिनेमा, घूंघट मैरिज हॉल क्षेत्र से शुरू हुआ अतिक्रमण हटाओ अभियान स्टेशन रोडवेज क्षेत्र में जाकर समाप्त हुआ। अभियान के दौरान अनाधिकृत रूप से रखे खोखे समेत अन्य सामान नगर पालिका ने जब्त कर लिया।
कुछ कारोबारी टीम पहुंचने से पहले ही अतिक्रमण हटाकर खिसक गए। एसडीएम के निर्देश पर कारोबारियों से दो हजार से लेकर दस हजार तक जुर्माना लगाने की कार्रवाई की गई। एसडीएम ने प्रतिष्ठानों के बाहर कारोबारी सामान रखने वाले दुकानदारों को नालों से पीछे तक सीमित रहने तथा प्रतिष्ठानों के बाहर तक टिन शेड और छज्जा-स्लैब किए अतिक्रमण तत्काल प्रभाव से हटाने के निर्देश दिए।
पहली बार लगा जुर्माना
एसडीएम और सीओ के नेतृत्व में चलाए अतिक्रमण हटाने के अभियान में पहली बार जुर्माना वसूली की कार्रवाई से कारोबारियों में हड़कंप है। एसडीएम ने बताया एक दिन पूर्व चेतावनी के बावजूद अतिक्रमण करने वाले कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई की। उन्होंने कहा नगर में अभियान जारी रहेगा। अतिक्रमण मिलने और कार्रवाई के बाद दोबारा अतिक्रमण करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा।