बीआरसी जमालपुर पठानी में शिक्षकों की बैठक को संबोधित करते बीएसए महेशचंद।
- फोटो : BIJNOR
स्कूलों को प्रेरक स्कूल बनाने पर जोर
बिजनौर। परिषदीय प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों की कार्यशाला में स्कूलों को प्रेरक स्कूल बनाने के लिए टिप्स दिए गए। स्कूलों में मिशन कायाकल्प के तहत हो रहे कार्यों की समीक्षा की गई। बीएसए महेश चंद ने शिक्षकों से मोहल्ला क्लास में भी रुचि लेने का निर्देश दिए।
विकास क्षेत्र मोहम्मदपुर देवमल के प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों की कार्यशाला बीआरसी जमालपुर पठानी में आयोजित की गई। कार्यशाला में खंड शिक्षा अधिकारी अजय कुमार ने स्कूलों में मिशन कायाकल्प के तहत हुए कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने शिक्षकों को शासन के निर्देशों का अनुपालन करने को कहा। कार्यशाला में मुख्य अतिथि बीएसए महेश चंद्र ने शिक्षकों से स्कूलों में स्मार्ट क्लास बनाने पर जोर दिया। उन्होंने इसके लिए शिक्षकों से जन समुदाय का सहयोग लेने पर भी कहा। कार्यशाला में स्टेट रिसोर्ट पर्सन दुष्यंत कुमार ने शिक्षकों को उपलब्ध कराए गए ध्यानाकर्षण आधारशिला प्रशिक्षण संग्रह तीनों मॉडल के बारे में जानकारी दी। उन्होंने गणतंत्र दिवस पर स्कूलों में अभिभावक चौपाल आयोजित करने को कहा। स्कूलों को प्रेरक स्कूल बनाने के लिए टिप्स दिए गए। इस मौके पर जिला समन्वयक प्रशिक्षण विवेक कुमार बंसल, अरुण कुमार जिंघला, डॉआकाश अग्रवाल, विष्णु कुमार, देवेंद्र सिंह, विपिन कुमार, प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला मंत्री प्रशांत सिंह, वरिष्ठ शिक्षक नरेश पाल वर्मा, पूनम चौधरी ,पंकज कुमार सहित विकास क्षेत्र के सभी प्रधान अध्यापक मौजूद रहे।