बिजनौर में अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से नजीबाबाद रोड स्थित श्री हॉस्पिटल और जिला अस्पताल में विश्व रक्तदान दिवस पर लगाए गए रक्तदान शिविरों में 25 यूनिट से ज्यादा रक्त एकत्र हुआ।
श्री हॉस्पिटल में लगाए गए शिविर का उद्घाटन करते हुए सीडीओ डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने कहा कि रक्तदान महादान है। रक्त देकर आप एक व्यक्ति के जीवन को ही नही, बल्कि पूरे परिवार के भविष्य को सुरक्षित करते हैं। गरीब जरूरतमंदों के लिए अमर उजाला फाउंडेशन के रक्तदान शिविर संजीवनी साबित होते हैं।
श्री हॉस्पिटल के संचालक डॉ. शिरीश ने कहा कि रक्तदान करने से ब्लडप्रेशर, लकवा व हीमोक्रोमो टोसेस (अंगों में आयरन जमा होना) आदि बीमारियों से बचा जा सकता है। उन्होंने रक्तदान से व्यक्ति के सामान्य जीवन पर पड़ने वाले किसी भी तरह के नकारात्मक प्रभाव को नकार दिया।
उन्होंने कहा कि समय-समय पर रक्तदान करने से शरीर में नए रक्त का संचार होता है। उन्होने 16 साल से 60 साल तक के स्वस्थ्य लोगों से स्वैच्छिक रक्तदान करने का आह्वान किया।
शिविर में अनेक ऐसे बुजुर्ग भी आए, जो स्वयं तो रक्तदान नहीं कर सकते थे, परंतु वह युवाओं को रक्तदान का महत्व बताकर इस पुनीत कार्य में सहयोग करने के लिए प्रेरित कर रहे थे।
रक्तदान करने वालों को सीडीओ डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी, श्री हास्पिटल के डायरेक्टर आर के सिंह, डॉ. शिरीश, युवा व्यापारी सौरभ सिंघल व जिला अस्पताल की टीम ने अमर उजाला की ओर से प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
इस दौरान रक्तदान शिविर संपन्न कराने के लिए जिला अस्पताल के कर्मचारियों का विशेष सहयोग रहा। इस दौरान डॉ. गौरव शर्मा, सीनियर लैब टैक्नीशियन जेपी सिंह, स्टाफ नर्स मुकेश देवी व लैब टैक्नीशियन नरेश कुमार मौजूद रहे।