इमरजेंसी मरीजों की जिला अस्पताल में होगी कोरोना जांच
बिजनौर। जिले में बढ़ते कोरोना के बढ़ते संक्रमण को रोकने के लिए अब जिला अस्पताल में ऑपरेशन के लिए आने वाले मरीजों को कोविड-19 की जांच के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। ट्रू नॉट मशीन से उनकी प्रारंभिक जांच की जा सकेगी। जिसके बाद उसका ऑपरेशन सर्जन कर सकते हैं।
जिला अस्पताल में वैश्विक महामारी से पूर्व रोजाना ही चार से पांच ऑपरेशन हो जाते थे। महामारी के संक्रमण को देखते हुए ओपीडी और ऑपरेशन पर सरकार ने रोक लगा दी थी, लेकिन तीन माह के बाद भी कोरोना संक्रमण थमने का नाम ही नहीं ले रहा है। ऐसे में अन्य बीमारियों से ग्रसित लोग परेशान हैं। इसको देखते हुए सरकार ने अस्पतालों में ओपीडी का संचालन शुरू करा दिया। इसके बाद ऑपरेशन से पूर्व मरीज की कोविड-19 की जांच कराने के निर्देश जारी किए, लेकिन सैंपल जाने के दो दिन बाद रिपोर्ट आने की समस्या से मरीज परेशान थे। इसी बात को देखते हुए सरकार ने सभी जिला अस्पतालों को टूनॉट मशीन उपलब्ध कराई। जिससे ऑपरेशन से पूर्व मरीज का सैंपल लेकर उसकी जांच की जा सकती है। इस मशीन से महज 40 मिनट में जांच होकर उसकी रिपोर्ट आ जाती है। इसके बाद चिकित्सक मरीज को तुरंत ऑपरेशन कर सकता है। जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ ज्ञानचंद ने बताया कि अस्पताल में ट्रू नॉट मशीन को लगाया जा चुका है। इस मशीन में एक साथ दो सैंपलों की जांच ही हो सकेगी। इससे ऑपरेशन के लिए आए मरीजों को अधिक लाभ मिलेगा।