भागूवाला में चंदक हैड के पास मृतक हाथी की जांच के लिए पहुंचे वनकर्मी।
- फोटो : NAZIBABAD
मंडावली/भागूवाला (बिजनौर)। राजगढ़ रेंज में वाहन से टकरा कर हाथी की मौत हो गई। बिजनौर वन प्रभाग की राजगढ़ रेंज में पूर्वी गंग नहर चंदक हेड क्षेत्र में एक हाथी के मरने की सूचना से वन विभाग में हड़कंप मच गया।
चंदक हेड से 200 मीटर दूर मृत मिले हाथी की मौत किसी वाहन से टकरा कर होने की पुष्टि पर वन विभाग के अधिकारियों ने राहत की सांस ली। डीएफओ डॉ. एमके शुक्ला, सीओ गजेंद्र पाल सिंह, वन दरोगा जयपाल सहित वन विभाग की टीम ने मौका मुआयना किया। डीएफओ ने बताया कि मृत नर हाथी की अनुमानित आयु सात वर्ष है। सोमवार देर रात नहर पटरी मार्ग पार करते समय तेज वाहन की टक्कर से हाथी नहर में जा गिरा, जिससे उसकी मौत हो गई। डीएफओ ने बताया कि मृत हाथी के पोस्टमार्टम के लिए पशु चिकित्सकों की टीम गठित की गई है। डीएफओ ने वन विभाग के अधिकारियों को मृतक हाथी के शव को नहर के खड्ड से निकालकर सुरक्षित स्थान पर रखने के निर्देश दिए हैं। घटनास्थल पर मंडावली थानाध्यक्ष नरेंद्र कुमार गौड़, एसआई राजेंद्र शर्मा, कांस्टेबल विनीत कुमार, वनरक्षक ओंकार सिंह मौजूद रहे।