रेहड़। शुक्रवार शाम गांव भगतावाला में सड़क हादसे में घायल हुए रेजराम (62) पुत्र बुद्ध सिंह की उपचार के दौरान शनिवार को मौत हो गई। उनके पुत्र सतीश का उत्तराखंड के अस्पताल में उपचार चल रहा है।
गांव निवासी रेजराम सिंह साइकिल से हसनपुर के साप्ताहिक बाजार से सब्जी लेने गए थे। अंधेरा हो जाने के कारण उनका पुत्र सतीश बाइक लेकर हसनपुर चला गया ताकि उनको गाड़ी की लाइट के सहारे सहारे गांव ला सके। गांव भगतावला में पावर कोल्हू के समीप आने पर विपरीत दिशा से आ रहे किसी वाहन ने साइकिल से चल रहे रेजराम और बाइक से जा रहे पुत्र सतीश को टक्कर मार दी। सूचना मिलने पर पुलिस ने घायलों को पीएचसी कासमपुरगढ़ी पर भर्ती कराया। गंभीर हालत के चलते दोनों को हायर सेंटर रेफर कर दिया था। परिजन बेहतर उपचार के लिए दोनों को उत्तराखंड के काशीपुर में निजी अस्पताल में ले गए थे। उपचार के दौरान शनिवार को रेजराम की मौत हो गई जबकि सतीश की हालत नाजुक बनी हुई है। सीओ आलोक कुमार सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों से अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध तहरीर दी है। जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।