बिजनौर में एंबुलेंस में जीवनरक्षक ऑक्सीजन उपलब्ध नहीं हो पाने के कारण एक अधेड़ की मौत हो गई। परिजनों ने 108 एंबुलेंस कर्मचारियों पर ऑक्सीजन नहीं लगाने का आरोप लगाते हुए जिला अस्पताल में हंगामा किया।
चांदपुर निवासी असलम (55) दमा व शुगर से पीड़ित था। वह कई दिनों से स्याऊ स्थित स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती था। रविवार को उनकी हालत बिगड़ गई। चिकित्सकों ने उसे बिजनौर रेफर कर दिया। उनके परिजन उन्हें 108 एंबुलेंस से बिजनौर जिला अस्पताल ला रहे थे, तो रास्ते में ही दम तोड़ दिया। परिजनों ने 108 एंबुलेंस कर्मचारियों पर ऑक्सीजन न देने का आरोप लगाते हुए जिला अस्पताल में हंगामा किया। परिजनों का कहना है कि अगर उनको एंबुलेंस में ऑक्सीजन मिल जाती, तो वह बच जाते। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझाबुझा कर घर वापस भेज दिया।