नींदडू में सर्व शिक्षा अभियान के अंतर्गत नए शिक्षा सत्र में अपने बच्चों को विद्यालयों में प्रवेश दिलाने के लिए तीन गांव पंचायतों के स्कूल और मदरसों की सामूहिक विशाल रैली निकाली गई।
मंगलवार सुबह 11 बजे क्षेत्रीय विधायक अशोक कुमार राणा ने स्कूली बच्चों की रैली का फीता काटकर उद्घाटन किया और हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। इससे पूर्व नींदडू़ खास के प्राथमिक विद्यालय प्रथम और द्वित्तीय, बाजीदपुर-बीरू के प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय और मोहम्मद अलीपुर भिक्कन के प्राथमिक विद्यालय के अलावा मदरसा अरबिया जूनियर हाई स्कूल, मदरसा अखलाकिया इस्लसमिया, लिटिल फ्लॉवर स्कूल, लिटिल ऐंजिल्स एकेडमी, मदरसा इस्लाहुल मुस्लेमीन, न्यू ऐरा पब्लिक स्कूल समेत सभी विद्यालय व मदरसों के छात्र-छात्राएं चूना भट्टी के पीछे मैदान में इकट्ठा हुए। नींदडू़ खास, बाजीदपुर-बीरू तथा मोहम्मद अलीपुर भिक्कन के विभिन्न रास्तों से गुजरने वाली रैली में बच्चों ने अपने हाथों में शिक्षा के प्रति ग्रामीण एवं अभिभावकों को जागरूक करने वाले बैनर व पट्टिकाएं ले रखी थीं। रैली में आधी रोटी खाएंगे-हम सब पढ़ने जाएंगे, हर बच्चे का नारा है-शिक्षा अधिकार हमारा है, शिक्षा ऐसी सीढ़ी है-जिससे चलती पीढ़ी है, पढेंगे और पढ़ाएंगे-उन्नत समाज बनाएंगे और लोगों को जागरूक करने वाले नारे लगाए गए।
इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी बीएल राणा, प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष धमेंद्र सिंह, संकुल प्रभारी विरेंद्र कुमार व इस्तेहसन, प्रधान अध्यापक प्रमोद कुमार, दमयंती देवी, विश्वपाल सिंह, विवेक बंसल, वैभव प्रताप, अनिता देवी, इंद्रपाल सिंह, परवेंद्र कुमार व भगीरथ सिंह समेत बड़ी संख्या में शिक्षक, शिक्षिकाएं, नींदडू़, बाजीदपुर-बीरू व मोहम्मद अलीपुर भिक्कन के प्रधान आदि रहे।