भूमि विकास बैंक में बकाया वसूली धड़ाम
धामपुर। मुरादाबाद मंडल में भूमि विकास बैंक बकाया वसूली में पिछड़ रहे हैं। अभी तक लक्ष्य के सापेक्ष केवल 23 प्रतिशत वसूली ही हो पाई है। किसान बकाया जमा करने में रुचि नहीं ले रहे हैं। किसानों को उम्मीद है कि चुनावी वर्ष होने के चलते सरकार उनके कर्जे के माफ कर सकती है।
भूमि विकास बैंक धामपुर शाखा के अधिकारियों ने बताया कि मुरादाबाद मंडल में भूमि विकास बैंक की 26 शाखाएं हैं। इन शाखाओं द्वारा 10 करोड़ के बकाया में से केवल तीन करोड़ दो लाख रुपये की ही वसूली हो पाई है। जो लक्ष्य के सापेक्ष 23 प्रतिशत है। अधिकारियों ने बताया कि बैैंकों के कर्जदार किसान यह सोच कर लोन को जमा करने में रुचि नहीं ले रहे हैं कि यूपी में विधान सभा चुनाव हैं। हो सकता है कि सरकार किसानों का वोट पाने के लिए उनके लोन को माफ कर दे। बताया जा रहा है कि कुछ राजनीतिक दलों ने चुनावी मंचों से घोषणा करनी शुरू कर दी है कि उनकी पार्टी सत्ता में आई तो वे किसानों का बैंक लोन माफ करेंगे।
भूमि विकास बैंक मुरादाबाद मंडल के डायरेक्टर महेंद्र धनौरिया का कहना है कि चुनाव के मद्देनजर वसूली की रफ्तार धीमी हो गई है। किसान चुनाव के रुख को देखकर बैंकों का बकाया जमा करने में रुचि नहीं दिखा रहा है। चुनाव के बाद बकाया वसूली में तेजी आएगी। बताया कि किसानों के लिए सरकार की तरफ से चार करोड़ रुपये का लोन बांटने का लक्ष्य है। लेकिन अभी तक केवल दो करोड़ रुपये ही लोन के रूप में वितरित हुआ है।