- एक दवा नकली और पांच नमूने आए जांच में पाए गए थे अधोमानक
- इस साल करीब 20 दवा कंपनियों के खिलाफ दर्ज किया गया मुकदमा
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। औषधि निरीक्षक ने बृहस्पतिवार को छह दवा कंपनियों के खिलाफ सीजेएम कोर्ट में वाद दायर कराया। इनमें एक कंपनी में बनी का नमूना जांच में नकली पाया गया था, जबकि पांच दवाइयों के नमूने जांच में अधोमानक पाए गए थे। अब मुकदमा दर्ज कराने की कार्रवाई की गई है।
औषधि निरीक्षक उमेश भारती ने बताया कि मंडावर के मोहल्ला शाहविलायत में क्वालिटी मेडिकोज से फेलनिक-सीवी टेबलेट का नमूना लिया था। यह दवा यूनिशॉर्प ऑर्गन प्राइवेट लिमिटेड आलमगीर कंपनी में बना था, जो जांच में नकली पाया गया।
इसके अलावा ड्रग वेयरहाउस से लिया गया सेफेक्सीम ओरल सस्पेंशन जांच में अधोमानक आया। यह दवा रेमसन रेमिडेज, अमृतसर की कंपनी में बनी थी। बिजनौर के आबकारी के पास मनि मेडिकोज से लिया गया साफी-एक्स ड्राई सिरप का नमूना जांच में अधोमानक मिला। इस दवा को उपकार फार्मास्युटिकल गोंडपुर, सिरमोर की कंपनी ने बनाया था।
कासमपुर गढ़ी में अदनान मेडिकल स्टोर से रेबकोस डीएसआर का नमूना लिया था, जो जांच में अधोमानक पाया गया। यह दवा फोरगो फार्मास्युटिकल बरोटीवाला, बद्दी, सोलन की कंपनी में बनी थी। बिजनौर में सुपर मेडिकल हॉल से लिया गया मॅगापोड दवा नमूना भी जांच में अधोमानक निकला। यह दवा एलवी लाइफ साइंस, वीपीओ गुरुमाजरा, बद्दी की कंपनी में बनी थी।
इसके अलावा वाइडरोब-200 का नमूना बिजनौर में सिविल लाइन स्थित मेडिसिन प्वाइंट शिप्रा मार्केट से लिया था। यह भी जांच में अधोमानक मिला। यह दवा श्री रामसेठ इंडस्ट्री प्राइवेट लिमिटेड जूडीकलां बद्दी की कंपनी में बना था। इन दवा कंपनियों के खिलाफ कोर्ट में वाद दायर करा दिया गया है।
सीजेएम कोर्ट में जांच में दवा अधोमानक और नकली पाए जाने पर छह दवा कंपनियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। इससे पहले भी करीब 20 दवा कंपनियों पर मुकदमा दर्ज कराया जा चुका है। आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। - उमेश भारती, औषधि निरीक्षक