अफजलगढ़/हल्दौर/झालू /धामपुर। जिले के कई गांवों में रात में आसमान में ड्रोन देखे जा रहे हैं। दहशत में ग्रामीण रात भर जागने के लिए मजबूर हैं।
गांव टांडा वैरागी निवासी प्रदीप कुमार, पिंकी, पूजा, प्राची, सुधीर सचिन अशरफ व सागर का कहना है की उन्हें शनिवार को रात करीब साढ़े आठ बजे दो ड्रोन दिखाई दिए।
वाजिदपुर, खतापुर, बल्दिया आदि गांवों में ड्रोन दिखाई देने से लोगों में दहशत है। गांव वाजिदपुर में शनिवार की देर रात करीब दस बजे एक संदिग्ध महिला घूमती दिखाई दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला को बिजनौर महिला थाने भिजवा दिया है। वहीं, रात में झालू क्षेत्र के गांव त्रिलोकपुर में ड्रोन दिखाई दिया। धामपुर के गांव मटौरा मान, अजीतपुर दासी, बसेड़ा, भटियाना सहित कई गांवों में लोगों ने ड्रोन उड़ते देखे।
पैजनिया क्षेत्र के गांव मलपुरा, सीतखेड़ी, पैजनिया और फजलपुर ढाकी में लोगों ने ड्रोन उड़ते हुए देखे जबकि नींदड़ू में मोहल्ला चूना भट्ठी में आसमान में ड्रोन उड़ते देखे जाने की अफवाह रही। सद्दाम, लईक और तौफीक आदि का कहना है कि उन्हें आसमान में कहीं ड्रोन नजर नहीं आया। पुलिस क्षेत्राधिकारी अभय कुमार पांडे का कहना है कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।