वाहन चालकों की हड़ताल अग्रिम आदेशों तक स्थगित
बिजनौर। राजकीय वाहन चालक संघ चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण की ओर से जिला मलेरिया अधिकारी से उनके पद के अनुरूप कार्य न लिए जाने समेत अन्य मांगों को लेकर सीएमओ कार्यालय में दिया जा रहा धरना-प्रदर्शन और हड़ताल प्रांतीय कार्यकारिणी के आह्वान पर अग्रिम आदेशों तक के लिए स्थगित कर दिया गया है। जिलाध्यक्ष महिपाल सिंह के अनुसार जिले में आदर्श आचार संहिता लागू होने के कारण शांति व्यवस्था बनाए रखने में जिला प्रशासन का सहयोग करने के उद्देश्य से 23 से 30 दिसंबर तक होने वाली हड़ताल को स्थगित कर दिया गया है।
राजकीय वाहन चालक संघ चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण की जिला शाखा की ओर से 16 दिसंबर से सीएमओ कार्यालय में धरना-प्रदर्शन किया जा रहा था। वाहन चालकों का आरोप है कि जिला मलेरिया अधिकारी बृजभूषण ने करीब तीन माह पहले सीएमओ डॉ. विजय कुमार यादव के सरकारी वाहन चालक प्रमोद कुमार से गालीगलौज करते हुए अभद्रता की थी। इसके बाद वाहन चालकों ने इस मामले से सीएमओ को अवगत कराया था। इस दौरान वाहन चालकों ने सीएमओ से गुहार की थी कि डीएमओ से पद के अनुरूप ही उनसे कार्य लिया जाए और वर्षों से नियम विरुद्ध आहरण वितरण अधिकारी के पद पर डटे डीएमओ को एक माह के भीतर उन्हें आहरण वितरण अधिकारी पद से हटाने समेत अन्य मांगे की थीं। तीन माह बीतने के बाद भी समस्याओं का निदान न होने से आहत वाहन चालकों ने राजकीय वाहन चालक संघ के बैनर तले 16 दिसंबर से सीएमओ कार्यालय परिसर में ही डीएमओ के खिलाफ नारेबाजी और धरना-प्रदर्शन तथा हड़ताल शुरू कर दी थी। वाहन चालकों ने 23 दिसंबर से वर्क टू रूल (समयानुसार) ही कार्य करने और 30 दिसंबर से सीएमओ कार्यालय परिसर में ही बेमियादी हड़ताल शुरू करने की चेतावनी दी थी।