पानी की सप्लाई बाधित होने से दर्जनों गांवों में पेयजल संकट
अफजलगढ़। गांव आसफाबाद चमन स्थित ओवरहेड टैंक से पानी की सप्लाई बाधित होने से आधा दर्जन गांवों में पेयजल का संकट गहरा रहा है। गांव वालों ने एसडीएम से पेयजल व्यवस्था दूरस्थ कराने की मांग की है।
ग्रामीणों अजय कुमार, पाकेश कुमार, शिवकुमार, जानी कुमार, सुदेश कुमार, कुशलेस सिंह आदि ने बताया कि पिछले पांच दिन से उनके घरों में पानी सप्लाई नहीं हो रही है। टंकी पर तैनात ऑपरेटर कभी स्टार्टर खराब कभी मोटर खराब का हवाला देता रहता है। इस संबंध में कई बार उच्चाधिकारियों को भी पेयजल समस्या की सूचना दे चुके हैं। लेकिन पांच दिन बीतने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ है। इससे ओवरहेड टैंक से जुड़े गांव आलमपुर गांवड़ी, टांडा बैरागी, आसफाबाद चमन, भज्जवाला, अलियारपुर, खरैलापुर सहित आधा दर्जन गांव में पेयजल की किल्लत हो रही है। गांववालों को हैडपंपों से पानी ढोना पड़ रहा है। जल निगम के एई केके शर्मा ने बताया कि टंकी की मोटर फुंक जाने के कारण समस्या पैदा हुई है जल्द समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।