बिजनौर में बढ़ापुर सीट पर भाजपा के बागी प्रत्याशी डॉ. इंद्रदेव सिंह ने बुधवार को निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में अपना पर्चा खरीद लिया। बढ़ापुर सीट पर उनका चुनाव लड़ना तय माना जा रहा है। उधर, बढ़ापुर सीट पर भाजपा के टिकट की एक और दावेदार राधा सैनी ने भी बगावत का बिगुल फूंक दिया है।
बढ़ापुर सीट पर टिकट नहीं मिलने से नाराज होकर भाजपा के पूर्व विधायक डा.इंद्रदेव सिंह ने चुनाव मैदान में उतरने का फैसला किया है। उन्होंने पार्टी प्रत्याशी सुशांत सिंह के खिलाफ चुनाव लड़ने के लिए ताल ठोक दी है। बुधवार को डॉ. इंद्रदेव सिंह ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में अपने समर्थकों के साथ पहुंचकर पर्चा खरीदा। डा. इंद्रदेव सिंह के मुताबिक वे बढ़ापुर सीट पर चुनाव लड़ेंगे। 27 जनवरी को अपना पर्चा दाखिल करेंगे। डा.इंद्रदेव सिंह के पर्चा खरीदने से बढ़ापुर सीट पर सियासत गरमा गई है। डा.इंद्रदेव सिंह किस पार्टी में शामिल होंगे इस बारे में अभी पत्ते नहीं खोले हैं। बढ़ापुर सीट पर जिला पंचायत सदस्य राधा सैनी भी भाजपा का टिकट मांग रहीं थी। टिकट न मिलने से नाराज होकर राधा सैनी ने भी रालोद का दामन थामने की तैयारी कर ली है। रालोद नेताओं के मुताबिक राधा सैनी रालोद के टिकट पर चुनाव लड़ेंगी। 27 जनवरी को वे अपना पर्चा दाखिल करेंगी।