भागूवाला में सर्वे के लिए पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम
- फोटो : NAZIBABAD
भागूवाला में घर-घर जाकर हो रही स्वास्थ्य जांच
भागूवाला/नांगलसोती/नजीबाबाद। भागूवाला क्षेत्र में तीन दिन पूर्व कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने गांव को सील करने के बाद भागूवाला में घर-घर जांच के लिए 18 टीमें लगाई हैं।
स्वास्थ्य विभाग के नोडल अधिकारी डा. सर्वेश निराला के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने कोरोना वायरस से संबंधित जांच के लिए भागूवाला में घर-घर सर्वे शुरू किया है। स्वास्थ्य विभाग के कुंवर सिंह, राजेंद्र सिंह, डब्ल्यूएचओ के दिनेश कुमार, एएनएम सर्वेश गौतम ने बृहस्पतिवार को भागूवाला क्षेत्र में जाकर खांसी, नजला, जुकाम, बुखार आदि से संबंधित ग्रामीणों की घर-घर जाकर जांच शुरू की।
स्वास्थ्य विभाग की टीम भागूवाला पहुंचने पर ग्रामीणों ने आंशिक रूप से जांच का विरोध किया। बाद में ग्राम प्रधान मो. अय्यूब के समझाने पर ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग की टीम को जानकारियां दी। स्वास्थ्य विभाग नांगलसोती और मंडावली क्षेत्र में भी घर-घर टीमें भेजकर स्वास्थ्य की जांच कराएगा।
उधर मंडावली क्षेत्र और नांगलसोती क्षेत्र के गांव में भी एक-एक कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद संबंधित पॉजिटिव व्यक्ति के परिजनों को क्वारंटाइन कराने के बाद गांव में बाहरी व्यक्तियों की आवाजाही पूरी तरह बंद है।