अफजलगढ़। स्कूल जा रहे नगर के मोहल्ला बेगम सराय निवासी कार्तिक शर्मा (8) पुत्र राहुल शर्मा पर आवारा कुत्ते ने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। सीएचसी में उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए हायर सेंटर रेफर किया गया है। इसके अलावा अलग-अलग स्थानों पर चार अन्य लोगों पर कुत्तों ने हमला कर घायल किया है।
कार्तिक बृहस्पतिवार सुबह ई-रिक्शा से स्कूल जा रहा था। डूडा काॅलोनी के पास चालक ने अन्य बच्चों को बैठाने के लिए, कार्तिक को दूसरे स्थान पर बैठाने के लिए रिक्शा से नीचे उतार दिया। इसी बीच वहां खड़े एक आवारा कुत्ते ने कार्तिक पर हमला कर दिया।
बालक को काटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। रिक्शा चालक और आसपास के लोगों ने कुत्ते को वहां से भगाया। सूचना पर परिजनों ने बच्चे को सीएचसी में भर्ती कराया। इसके अलावा आवारा कुत्तों ने भोगपुर निवासी परमजीत (57) व संदीप (35), हीरापुर गढ़वावाला निवासी प्रदीप कुमारी (25), कालागढ़ निवासी अवी (12) को काटकर घायल कर दिया। पूर्व में आवारा कुत्तों के झुंड ने नगर की फैजी काॅलोनी में मां के साथ दूध लेने गई यास्मीन पर हमला कर मार डाला था। वहीं आवारा कुत्तों के झुंड ने गांव झाड़पुरा निवासी मुन्नी देवी पर हमला कर मार डाला था।