डीएम ने ईओ और सेनेटरी इंस्पेक्टर को लगाई फटकार
बिजनौर। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने सीडीओ कामता प्रसाद सिंह तथा ज्वाइंट मजिस्ट्रेट, एसडीएम सदर विक्रमादित्य सिंह मलिक आदि आला अफसरों के साथ प्रदर्शनी चौक के पास स्थित गौशाला का निरीक्षण किया। वहां पर व्यवस्थाएं दुरुस्त न मिलने के कारण डीएम ने ईओ और सेनेटरी इंस्पेक्टर को कड़ी फटकार लगाते हुए व्यवस्थाओं में शीघ्र ही सुधार कराने के निर्देश दिए।
मंगलवार को जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने नगर पालिका बिजनौर के ईओ तथा सेनेटरी इंस्पेक्टर को निर्देशित किया कि गौशाला में सफाई व्यवस्था सुचारु रखें और निर्माणाधीन शेड का कार्य शीघ्रता से पूर्ण कराएं। विद्युत निगम के अधिकारियों को विद्युत लाइन शिफ्टिंग का कार्य भी शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान नुमाइश ग्राउंड पर सफाई सही ना पाए जाने पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी मनोज कुमार और सेनेटरी इंस्पेक्टर गोविंद चौधरी को लगाई फटकार और तुरंत सफाई करवाने तथा सुंदरीकरण कराने के निर्देश दिए।