तीन केंद्रों पर डीएलएड की परीक्षा आज से
बिजनौर। जिले में डिप्लोमा इन एलीमेंट्री एजुकेशन अर्थात डीएलएड चतुर्थ सेमेस्टर बैक परीक्षा दो फरवरी मंगलवार से शुरू होगी। परीक्षा के लिए केवल जिला मुख्यालय पर केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर करीब डेढ़ हजार परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। प्रशासन ने परीक्षा की व्यवस्था पूरी कर ली है।
जिले में 37 निजी तथा एक राजकीय सहित कुल 38 विद्यालयों में डीएलएड के पाठ्यक्रम संचालित हैं। डीआईओएस कार्यालय के अनुसार डीएलएड के चतुर्थ सेमेस्टर की बैक परीक्षा में इन विद्यालयों के 1484 परीक्षार्थी शामिल होंगे। एक दिन में तीन पाली हैं। जिसमें परीक्षार्थी लिए गए विषय के अनुसार परीक्षा देंगे। बताया कि इस बार केवल जिला मुख्यालय के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, आरजेपी इंटर कॉलेज तथा केपीएस इंटर कॉलेज को ही परीक्षा केंद्र बनाया गया है।
केंद्र व्यवस्थापक विद्यालयों के प्रधानाचार्य होंगे। शासन के नामित प्रतिनिधि परीक्षा केंद्रों पर मौजूद रहेंगे। कक्ष निरीक्षकों की नियुक्ति समेत सभी व्यवस्थाएं पूरी हो गई हैं। परीक्षा तीन दिन चलेगी। प्रशासन केंद्रों पर नकल रोकने की तैयारी में जुटा है। बताया गया कि डीएलएड सेकेंड सेमेस्टर की करीब चार माह पहले हुई परीक्षा में सूबे में गणित का पेपर आउट हो गया था। इसके बाद शासन ने केंद्रों व छात्रों के लिए परीक्षा नियमों में बदलाव किए हैं। कैलकुलेटर, मोबाइल फोन आदि इलेक्ट्रानिक सामान ले जाने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया गया है।