बिजनौर। उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक (भूमि विकास बैंक) के शाखा प्रतिनिधि के चुनाव के लिए 20 जनवरी को नामांकन दाखिल किए होंगे। जबकि नामांकन पत्रों की वापसी 22 जनवरी को होगी और प्रतिनिधि पद के लिए चुनाव 27 जनवरी को होगा।
बिजनौर जनपद में उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक की आठ शाखा हैं। प्रत्येक शाखा पर एक प्रतिनिधि/ डेलीगेट चुना जाना है। बैंक शाखा के सदस्य प्रतिनिधि चुनने के लिए वोट का प्रयोग करेंगे। 19 जनवरी को अंतिम मतदाता सूची का प्रदर्शन किया जाएगा। सहायक निबंधक सहकारिता राजवीर सिंह ने बताया कि जिस ब्लॉक क्षेत्र में बैंक की शाखा है, उस ब्लॉक के कार्यालय में मतदान होगा। पहले मतदान बैंक शाखा पर ही होता था। उधर बैंक के चुनाव को लेकर सरगर्मियां बढ़ी हुई हैं। सूत्रों का दावा है कि कुछ बैंक शाखा के प्रतिनिधि निर्विरोध चुने जाने के लिए गोटियां बिछाने में लगे हुए हैं। किसान व ग्रामीण क्षेत्र की राजनीति में उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक (भूमि विकास बैंक) भी एक केंद्र है। इस चुनाव को लेकर जिले की राजनीति गरमा रही है।