शिक्षकों का डाटा अपडेट न होने से असंतोष
धामपुर/अफजलगढ़। समायोजित शिक्षकों ने कहा कि सरकार की ओर से मानव संपदा पोर्टल पर शैक्षिक प्रमाणपत्रों और सेवाकाल डाटा को अपडेट करने पर जोर दिया जा रहा है, लेकिन बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारी उदासीन बने हैं। जिले में विभाग की ओर से समायोजित शिक्षकों का शैक्षिक डाटा त्रुटियुक्त है। शिक्षकों ने जल्द ही बीएसए से संशोधित कर अपडेट कराने की मांग की है।
आदर्श समायोजित शिक्षक वेलफेयर ऐसो. के जिलाध्यक्ष सुधीर चौहान ने बताया कि जिले की बीआरसी में बाबुओं की लापरवाही के कारण उनका शैक्षिक डाटा सही प्रकार से मानव संपदा पोर्टल पर अपलोड नहीं किया गया है। सोमवार को भी यूपी सरकार के बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डा. सतीश चंद्र द्विवेदी ने शिक्षकों को मानव संपदा पोर्टल पर डाटा अपडेट करने के निर्देश दिए हैं। बताया गया कि जब तक डाटा अपडेट नहीं होगा, उन्हें नियुक्ति, अवकाश प्रबंधन, स्थानांतरण, वेतन, परफारमेंस इवेल्यूएशन व शिकायत प्रबंधन का लाभ नहीं मिलेगा। उधर, बीएसए महेश चंद्र का कहना है कि उनके स्तर से जिले के सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया जा चुका है। जहां भी चेकिंग में गलती है उसे तत्काल ठीक करा दें, जिससे संबंधित डाटा ऑनलाइन शासन को उपलब्ध कराया जा सकें।