नजीबाबाद में नजीबाबाद-बिजनौर मार्ग पर सड़क हादसे में एक डीसीएम चालक की मौत हो गई। इससे उसके परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी चालक को ट्रक समेत पकड़ लिया है।
जिला अमरोहा की तहसील धनौरा निवासी इकबाल (35) डीसीएम चलाता था। वह रविवार की सुबह अमरोहा से डीसीएम में सामान भरकर नजीबाबाद जा रहा था। नजीबाबाद में कोतवाली मार्ग पर गांव श्रवणपुर के निकट सुबह पांच बजे उसकी गाड़ी खराब हो गई। वह गाड़ी ठीक करने के लिए उसके नीचे लेटा हुआ था। अचानक कोतवाली की ओर से आ रहे ट्रक ने डीसीएम को पीछे से टक्कर मार दी। इससे डीसीएम का पीछे का टायर इकबाल के ऊपर चढ़ गया। वह गंभीर घायल हो गया। घायल अवस्था में इकबाल को पुलिस ने सीएचसी नजीबाबाद भर्ती कराया। चिकित्सकों ने इकबाल को बिजनौर रेफर कर दिया।
जिला अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर उसके चालक को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने मोबाइल से कॉल कर परिजनों का सूचना दी।