बिजनौर, नूरपुर। तालाब में कूड़ा करकट डालने की वजह से हुए अतिक्रमण की समस्या अब ग्रामीणों को गंदे पानी से गुजर कर चुकानी पड़ रही है। तालाब के आसपास सड़क पर बहता पानी घरों में जाना शुरू हो गया है। पीड़ित ग्रामीणों ने प्रशासन से गंदे पानी की निकासी को दुरुस्त कराने की मांग की है।
क्षेत्र के गांव गोहावर जैत में बस्ती से लगा तालाब पूरी तरह ओवरफ्लो हो गया जिसकी वजह से उसका गंदा पानी सड़क पर बहता हुआ आसपास के घरों में जाना शुरू हो गया। कई घरों के आगे मिट्टी डाल कर लोगों ने पानी को घरों में रोकने की कोशिश की है। तालाब कूड़ा करकट डालने की वजह से काफी हद तक अट चुका है। जिसकी वजह से गांव बस्ती से रोजमर्रा का निकलने वाला गंदा पानी अब तालाब में जाना बंद हो गया। तालाब में जमा कूड़ा करकट व जमी खरपतवार ने तालाब को पूरी तरह से बंद कर दिया है। गांव के इस रास्ते से होकर गुजरने वाले मदरसा इस्लामिया जमालिया के बच्चों को भी गंदे पानी के बीच होकर स्कूल जाना पड़ रहा है। इससे गांव में बीमारी उत्पन्न होने का संकट बना हुआ है। पीड़ित कलवा, घनश्याम, इंदर सिंह, सत्यप्रकाश, गुड्डी, उसमान, सगीर अहमद आदि ने समस्या से निजात दिलाने की मांग की है।