नहटौर में मुख्यमंत्री की जनसभा स्थल का निरीक्षण करते एसपी नीरज जादौन
बिजनौर। पहले चरण में बिजनौर और नगीना लोकसभा का चुनाव सभी दलों के लिए प्रतिष्ठा का सवाल बन रहा है। दरअसल राजनीति के दिग्गजों के पूरी ताकत झोंक दी है। यही वजह है कि स्टार प्रचारकों के इन दोनों सीटों पर प्रचार करने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। आज सोमवार को हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी और जयंत चौधरी बिजनौर में जनसभा को संबोधित करेंगे।
मंगलवार 16 अप्रैल को नहटौर में सीएम योगी आदित्यनाथ चुनावी जनसभा को संबोधित करने आ रहे हैं, वहीं 16 अप्रैल को ही बिजनौर के नुमाइश ग्राउंड में बसपा सुप्रीमो मायावती गरजेंगी। 17 अप्रैल को पूर्व सीएम अखिलेश यादव फिर से जिले में आ रहे हैं जोकि बिजनौर के बिजनौर इंटर कॉलेज में सुबह 11 बजे जनसभा को संबोधित करेंगे।
लोकसभा चुनाव को लेकर जनपद में सीएम योगी आदित्यनाथ तीन बार आ चुके हैं। नहटौर में 16 जनसभा को संबोधित करने के लिए चौथी बार जिले की धरती पर उनके कदम पड़ेंगे। उधर नहटौर में ही शनिवार को सपा मुखिया अखिलेश यादव भी जनसभा कर चुके हैं। अखिलेश यादव अभी एक बार और बिजनौर आएंगे।
उधर हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी और जयंत चौधरी की नुमाइश ग्राउंड में सभा के लिए रविवार को तैयारियां जोरों पर चलती रहीं। बता दें कि आज सोमवार को ये दोनों नेता मतदाताओं को साधने का काम करेंगे।
- सुरक्षा इंतजामों में जुटी पुलिस फोर्स
16 अप्रैल को नहटौर में कोतवाली रोड पर खाली पड़े मैदान में आयोजित होने वाली मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जनसभा के चलते रविवार को पुलिस अधीक्षक नीरज जादौन ने कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया। उन्होंने हैलीपेड, बैरियर, पार्किंग व अन्य तैयारियों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था एवं अन्य बिंदुओं पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। सीओ सर्वम सिंह, कोतवाल धर्मेंद्र कुमार सोलंकी आदि मौजूद रहे।