बिजनौर-कोतवाली मार्ग पर बारिश से हुआ कीचड़।
- फोटो : BIJNOR
बिजनौर-कोतवाली मार्ग पर चलना हुआ दूभर
बिजनौर। बरसात से पहले बिजनौर-कोतवाली मार्ग की एक लेन को पक्का करने का दावा किया जा रहा था, लेकिन ऐसा हो नहीं पाया। अब पहली ही बारिश में सड़क पर कीचड़ जमा हो गया। जिसमें एक बस भी फंस गई, जिसे ट्रैक्टर की मदद से निकाला गया। काफी देर तक ट्रैफिक भी थमा रहा।
पानीपत-खटीमा नेशनल हाईवे का हिस्सा बन चुके बिजनौर-कोतवाली मार्ग को उखाड़कर फिर से बनाया जा रहा है। छह महीने से काम चल रहा है। अब सड़क की हालत ये है कि कहीं पत्थर डालकर सड़क का आधार बना दिया गया है तो कहीं मिट्टी ही डालकर छोड़ दी गई। पुलों के निर्माण के चलते डायवर्जन दिए गए हैं, वे भी कच्चे ही हैं। अब बृहस्पतिवार को बारिश हुई तो जिले की महत्वपूर्ण सड़क पर कीचड़ ही कीचड़ हो गया। बान के पुल के पास सवेेरे ही बस के पहिये कीचड़ में धंस गए। जिसके चलते बस न आगे बढ़ सकी और न ही पीछे हट सकी। बस फंस जाने की वजह से रास्ता बंद हो गया। दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई। आसपास के गांव वालों ने एक ट्रैक्टर मंगाकर बस को निकलवाया। तब कहीं जाकर ट्रैफिक सुचारु हो सका।
फिसलकर गिरते रहे बाइक सवार
सड़क में कीचड़ जमा हो जाने से सबसे ज्यादा परेशानी बाइक सवारों को हुई। कई बाइक सवार कीचड़ में बाइक पर नियंत्रण नहीं रख पाए और फिसलकर गिरते रहे। हालांकि कीचड़ में गिरने की वजह से चोटिल तो नहीं हुए लेकिन कपड़े जरूर कीचड़ में खराब होते रहे।