बिजनौर में पंचायती राज सेवा परिषद के कर्मचारियों ने ग्राम्य विकास महा परिषद के विभाग पर नियंत्रण के विरोध में सोमवार को विकास भवन में विशाल धरना-प्रदर्शन किया।
कर्मचारियों ने जुलूस निकालते हुए एसडीएम विनीत कुमार को ज्ञापन सौंपा। पंचायती राज सेवा परिषद के प्रदर्शन को भारतीय पंचायत व ग्राम प्रधान संगठन जिलाध्यक्ष मुकेश दहिया, राष्ट्रीय पंचायती राज ग्राम प्रधान संगठन जिलाध्यक्ष कामेंद्र तोमर ने भी समर्थन दिया है।
धरने में परिषद के महामंत्री कुलदीप राजपूत ने कहा कि ग्राम्य विकास विभाग द्वारा पंचायती राज विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने अधीन करने की कोशिश की जा रही है। इसका पूरे उत्तर प्रदेश में विरोध किया जाना आवश्यक है।
संरक्षक व डीपीआरओ मनीष कुमार ने कहा कि किसी भी विभाग के कर्मचारियों को परिषद के सदस्यों का शोषण नहीं करने दिया जाएगा। ग्राम पंचायत अधिकारी नीरज शर्मा ने कहा कि एक विभाग पर दूसरे का नियंत्रण कैसे हो सकता है। कहा कि वर्तमान व्यवस्था के कारण पंचायती राज के अधिकारी नाम मात्र के अधिकारी रह गए हैं। वक्ताओं ने कहा कि अगर 17 जून तक उनकी समस्या का समाधान नहीं किया गया तो लखनऊ के लक्ष्मण झूला मैदान में धरना-प्रदर्शन व मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया जाएगा।
इसके बाद कर्मचारी जुलूस की शक्ल में कलक्ट्रेट गए और एसडीएम विनीत कुमार को ज्ञापन दिया। ज्ञापन में दी गई मांगें पूरी करने का अनुरोध किया गया। इस दौरान अध्यक्ष जसवंत सिंह, संदीप कुमार, हेमेंद्र सिंह, सुशील कुमार, राजेंद्र कुमार, सुरेंद्रपाल आदि मौजूद रहे।