केस वापसी के लिए थाने पर प्रदर्शन
बढ़ापुर। जिले भर से आए बजरंग दल व विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने कस्बा निवासी बजरंग दल के जिला सुरक्षा प्रमुख के विरुद्ध थाने में दर्ज मारपीट व धमकी देने आदि का केस वापस लेने व उनके साथ मारपीट करने वाले पुलिसकर्मियों को निलंबित करने आदि मांगों को लेकर थाने के बाहर धरना प्रदर्शन किया। थाने पहुंचे एसडीएम व सीओ नगीना के मामले की जांचोपरांत कार्रवाई के आश्वासन पर धरना प्रदर्शन समाप्त हुआ।
सोमवार को बजरंग दल व विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारी व कार्यकर्ता थाने पहुंचे और थाने के बाहर बढ़ापुर-नगीना मार्ग पर धरना देकर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि कस्बे में पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रदर्शनी मेला लगा है। प्रदर्शनी मेला में अश्लील नृत्य का विरोध करने के लिए बढ़ापुर निवासी शेखर पाल अन्य बजरंग दल पदाधिकारियों के साथ वहां गए थे। आरोप है कि प्रदर्शनी में मेला कमेटी और पुलिसकर्मियों ने शेखर पाल के साथ मारपीट की। तीन पुलिसकर्मी उनको थाने लेकर आए। आरोप है कि थाने में भी शेखर पाल के साथ अभद्रता की गई। प्रदर्शनकारियों ने बजरंग दल कार्यकर्ताओं पर दर्ज केस वापस लेने व अकारण मारपीट करने वाले पुलिसकर्मियों को निलंबित करने आदि मांग की। थानाध्यक्ष अनुज कुमार तोमर ने धरना स्थल पर जाकर प्रदर्शकारियों से बात की। बाद में एसडीएम नगीना शैलेंद्र कुमार व सीओ सुमित शुक्ला भी थाने पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से वार्ता की और पुलिस उच्चाधिकारी से जांच कराने का आश्वासन दिया। आश्वासन पर धरना समाप्त हुआ। वहीं उचित कार्रवाई नहीं होने पर एक सप्ताह बाद आंदोलन की बात कही। धरना-प्रदर्शन में बजरंग दल धामपुर जिला संयोजक जितेंद्र कुमार, जिला संयोजक बिजनौर आदित्य चौधरी, विभाग संयोजक आशीष बालियान, जिलाध्यक्ष विश्व हिंदू परिषद नेपाल, जिलामंत्री कुशप्रताप, जिला प्रमुख धर्म-प्रचार शैलेंद्र गहलोत, शेखर पाल, सत्यम शर्मा, अतुल सैनी, मयूर गुप्ता, संजय चौधरी, राजन चंद्रा व अंशुल त्यागी मुख्य रूप से शामिल रहे।
बढ़ापुर में थाने के बाहर धरने पर बैठे बजरंग दल व विहिप के कार्यकर्ता।- फोटो : BIJNOR