स्योहारा (बिजनौर)। सहसपुर के भाजपा बूथ अध्यक्ष के भतीजे की पकड़ी गाड़ी को छोड़ने की एवज में पांच हजार रुपये मांगना एक दीवान व दो सिपाहियों को भारी पड़ गया। एसपी से शिकायत करने पर सीओ धामपुर की जांच में तीनों पुलिसकर्मियों के दोषी पाये जाने पर निलंबित कर दिया गया है।
12 अप्रैल को सहसपुर के भाजपा बूथ अध्यक्ष जाकिर अहमद के भतीजे मुकरर्म पुत्र युनुस निवासी मोहल्ला अफगानान सहसपुर की बाइक सहसपुर पुलिस चौकी पर तैनात मुख्य आरक्षी प्रमोद कुमार, आरक्षी राहुल कुमार व राजकुमार ने पकड़ ली थी। जब मुकरर्म सहित भाजपा कार्यकर्ता बाइक छुड़वाने के लिये चौकी पहुंचे तो आरोप है कि गाड़ी को छोड़ने की एवज में उससे पांच हजार रुपये की मांग की गई। आरोप है कि रुपये नहीं मिलने पर बाइक को स्योहारा थाने पर पहुंचा कर उसको लावारिस में दाखिल करवा दिया। जाकिर अहमद ने मामले की जानकारी भाजपा नेता सीपी सिंह को दी। सीपी सिंह ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की। एसपी ने मामले की जांच सीओ धामपुर सर्वम सिंह को सौंपी। एएसपी पूर्वी धर्म सिंह मार्छल ने बताया कि सीओ की जांच में तीनों पुलिसकर्मी दोषी पाए गए। जांच के बाद सहसपुर चौकी पर तैनात मुख्य आरक्षी प्रमोद कुमार, आरक्षी राहुल कुमार व राजकुमार को निलंबित कर दिया गया है।