बिजनौर, नजीबाबाद। भाकियू ( भानू ) की बैठक में किसानों की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं ने समस्याओं के निस्तारण के लिए प्रधानमंत्री के नाम आठ सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सीओ को सौंपा।
भाकियू (भानू) के मंडल प्रभारी चौ. राजेंद्र सिंह की अध्यक्षता में तहसील में कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की बैठक हुई। चौ. राजेद्र सिंह ने कहा कि किसानों को समय पर गन्ना मूल्य भुगतान नहीं मिलना सबसे बड़ी समस्या है। 14 दिन के भीतर गन्ना मूल्य भुगतान नहीं होने से किसानों को आर्थिक संकटों से गुजरना पड़ता है। वहीं खस्ताहाल मार्ग भी किसानों की मुसीबत का सबब बन रहे हैं। आए दिन किसानों के गन्ना वाहन मार्गों के गड्ढों से क्षतिग्रस्त हो रहे हैं। किसानों ने प्रशासन से कई बार शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
कार्यकर्ताओं ने गन्ना मूल्य बढ़ाने, नजीबाबाद चीनी मिल समेत गन्ना क्रय केंद्रों पर घटतौली पर रोक लगाने, गेहूं का समर्थन मूल्य जल्द घोषित कराने, नजीबाबाद-हरिद्वार नहर पटरी मार्ग की मरम्मत कराने, मंडावर-नांगल-चंदक मार्ग का चौड़ीकरण कराने, बालावाली पुल पर आवाजाही शुरु कराने, नजीबाबाद के दोएजवाली रपटे को पक्का कराने, किसानों का समस्त ऋण माफ कराने को लेकर प्रधानमंत्री के नाम सीओ गजेंद्र पाल सिंह को ज्ञापन सौंपा।
बैठक में जिला प्रभारी चौ. अनिल कुमार, बाबूराम भारती, विपिन ठाकुर, जगन्नाथ, लोकेंद्र ठाकुर, कपिल ठाकुर, दुष्यंत, समर सिंह, अंकित मलिक, ओम प्रकाश, मौ. शहाब आदि मौजूद रहे।