मंत्री जी, अफजलगढ़ में भी रोडवेज का बस अड्डा बनवा दो
बिजनौर। क्षेत्र के लोगों ने उत्तर प्रदेश परिवहन स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री अशोक कटारिया से अफजलगढ़ में रोडवेज बस अड्डा बनवाने की मांग की है।
क्षेत्र के विनोद कुमार यादव का कहना है कि अफजलगढ़ में पिछले कई दशकों से रोडवेज बस अड्डा बनवाने की मांग उठ रही है। लेकिन हर बार क्षेत्रवासियों के हाथ निराशा ही लगी है। राहुल कुमार ने स्योहारा में भी रोडवेज अड्डा बनवाए जाने की मांग की है। सुभाष कुमार अग्रवाल का कहना है कि धामपुर का अनुबंधित बस डिपो परिवहन मंत्री के गृह नगर का डिपो है। मंत्री ने पिछले दिनों धामपुर डिपो में एसी बस के संचालन के मौके पर भरोसा दिया था कि धामपुर का डिपो जल्द ही कानपुर और लखनऊ की भांति चकाचक बनेगा लेकिन अभी तक कोई भी ऐसा प्रयास होता नजर नहीं आया है। प्रदीप कुमार ने मंत्री से धामपुर के रोडवेज अनुबंधित बस डिपो को निगम का बस डिपो बनाए जाने की मांग उठाई है।
अफजलगढ़ के आबिद हसन, जाहिद, त्रिमोहन, अतुल जैन का कहना है कि कालागढ़ से वॉया कल्लूवाला, बादीगढ़, सुआवाला और सुरजनगर होते हुए मुरादाबाद के लिए कोई भी निगम की बस नहीं है जबकि मुरादाबाद कमिश्नरी है। लोगों को मुरादाबाद जाने के लिए पहले धामपुर या काशीपुर होते हुए मुरादाबाद महंगे किराए और अधिक समय के साथ जाने को विवश होना पड़ रहा है। यदि बस कालागढ़ से मुरादाबाद शुरू हो जाए तो जनता को भारी राहत मिलेगी। मंत्री अशोक कटारिया ने लोगों की मांग को स्वीकार करते हुए जल्द ही पूरा कराने के लिए आरएम मुरादाबाद को निर्देशित किया है। मंत्री के आदेश पर आरएम मुरादाबाद एसके शर्मा ने कार्यवाही शुरू करने की बात कही है।
धामपुर डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक एलके त्रिवेदी ने धामपुर डिपो को परिवहन निगम का डिपो बनाने के लिए आरएम मुरादाबाद को प्रस्ताव बनाकर भेज दिया है। उनका कहना है कि यात्रियों की संख्या को देखते हुए यहां पर परिवहन निगम का डिपो बनाया जाना क्षेत्र की दृष्टि से उपयुक्त है क्योंकि यहां से गैर प्रदेशों को सीधे जाने के लिए निगम की कोई बस नहीं है। अनुबंधित बस गैर प्रदेशों में नहीं जाती।