धामपुर। राज्यसभा सांसद कांता कर्दम ने कई महीने पहले धामपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अपनी निधि से ऑक्सीजन प्लांट लगाने का एलान किया था। डीएम बिजनौर को प्लांट लगवाने को सहमति पत्र भी लिख दिया था लेकिन अभी तक घोषणा के अनुरूप कार्य होता नजर नहीं आ रहा है।
लोगों को उम्मीद थी कि जिस तरह कोरोना की दूसरी लहर से जनपद वासियों की ऑक्सीजन की कमी के कारण मौत हुई थी, उससे सीख लेते हुए तीसरी लहर के आने से पहले शासन और प्रशासन राज्य सभा सांसद की निधि से इसे गंभीरता से लेकर समय से पहले प्लांट को तैयार करा देगा। लेकिन अभी तक ऐसा नहीं हो पाया है। इस संबंध में राज्यसभा सांसद कांता कर्दम ने कहा उनके द्वारा अपनी निधि से ऑक्सीजन प्लांट स्थापित कराने के लिए मुख्यमंत्री और बिजनौर के डीएम को सहमति पत्र लिखा जा चुका है लेकिन सरकारी प्रक्रिया के तहत जब कोई कार्य होता है तो उसमें थोड़ा बहुत विलंब हो जाता है। वह चाहती हैं कि यह ऑक्सीजन प्लांट पहले हुई घोषणा के मुताबिक जल्द लगे पर अब उनके स्तर से दोगुनी क्षमता का प्लांट लगाने का प्रयास किया जा रहा है। जिससे नगीना लोकसभा क्षेत्र के हर गांव और शहर के लोगों को इस प्लांट का लाभ मिल सके।
उनका कहना है कि उनके प्रयास से नगीना लोक सभा और बिजनौर लोकसभा क्षेत्र में एक एक केंद्रीय विद्यालय स्थापित होगा। उसके लिए प्रयास चल रहा है।