भुगतान न मिलने पर महापंचायत का एलान
बिजनौर। राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन की बैठक में गन्ना भुगतान न होने पर रोष जताया गया। भुगतान न होने पर चार मार्च को कलक्ट्रेट में महापंचायत करने का एलान किया गया।
गन्ना समिति परिसर में हुई बैठक में वेस्ट यूपी महासचिव कैलाश लांबा ने कहा कि किसानों का अरबों रुपया चीनी मिलों पर अब भी बकाया है। वेव ग्रुप की चीनी मिल तो भुगतान करने का नाम ही नहीं ले रही हैं। कहा कि अब होली का त्योहार आने वाला है, प्रशासन को होली से पहले किसानों का शत प्रतिशत भुगतान कराना चाहिए। जिलाध्यक्ष विनोद कुमार ने कहा कि भुगतान न करने वाली चीनी मिलों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जा रही। जबकि विद्युत निगम और बैंक बकाएदार किसानों की आरसी जारी कर रहे हैं। जब किसान को उसकी फसल का मूल्य ही एक साल बाद मिलेगा तो किसान हर महीने बिजली का बिल कैैसे जमा कर सकता है। कहा कि किसानों का शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन चीनी मिलों से शत प्रतिशत भुगतान कराए, ऐसा न हुआ तो चार मार्च को कलक्ट्रेट में महापंचायत की जाएगी। बैठक में अंकुर चौधरी, अचल शर्मा, राजपाल भगत, रीना देवी, उषा देवी, ठाक्कर सिंह, गोविंद सिंह, वेदप्रकाश, सचिन राठी आदि मौजूद रहे।