मुनीर के मामले में 16 अप्रैल को आएगा निर्णय
बिजनौर। एनआईए के डीएसपी तंजील अहमद व उनकी पत्नी की हत्या के मामले में आरोपी मुनीर को सोमवार को भारी सुरक्षा के बीच गैंगेस्टर कोर्ट में पेश किया गया। गैंगेस्टर एक्ट के मामले में निर्णय के लिए गैंगेस्टर कोर्ट के न्यायाधीश डॉ. विजय कुमार ने 16 अप्रैल की तिथि नियत की है। मुनीर की पेशी के दौरान जजी में एडिशनल एसपी डॉ. प्रवीण रंजन सिंह, सीओ सीटी कुलदीप कुमार, प्रभारी निरीक्षक राधेश्याम भारी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। जजी को आज छावनी का रूप दे दिया गया था।
शासकीय अधिवक्ता आनंद जिघांला व सलीम अख्तर के अनुसार गैंगेस्टर कोर्ट में मुनीर व उसके साथियों के विरुद्ध गैंग बनाकर हत्या, लूट व अन्य गंभीर अपराध करने के आरोप में गैंगेस्टर एक्ट के तहत मुकदमा विचाराधीन है। जिसमें आरोप है कि मुनीर ने गैंग बनाकर एनआईए के डीएसपी तंजील अहमद व उनकी पत्नी की हत्या सहसपुर में की। गैंग बनाकर उसने पीएनबी का करीब 85 लाख रुपये का कैश धामपुर में लूटा था। इसके अलावा उस पर अवैध हथियार रखने के भी आरोप हैं। गैंगेस्टर एक्ट के मामले में सुनवाई पूरी हो चुकी है। 16 अप्रैल को इसमें कोर्ट का फैसला आएगा।