नजीबाबाद के गांव सिकंदरपुर बसी में हाइवे पर युवक का शव रखकर जाम लगाते ग्रामीण।
- फोटो : NAZIBABAD
पेड़ से लटका मिला युवक का शव, परिजनों ने लगाया जाम
नजीबाबाद। गांव सिकंदरपुर बसी निवासी एक युवक का शव पेड़ से लटका मिला। परिजनों ने परिवार के निकट संबंधियों पर हत्या का आरोप लगाते हुए नजीबाबाद-बुंदकी मार्ग पर शव रखकर प्रदर्शन किया। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को शांत किया।
गांव सिकंदरपुर बसी निवासी किसान ओमप्रकाश सैनी का पुत्र अरविंद (25) सुबह छह बजे गांव के ही बाग में एक पेड़ से लटका मिला। युवक का शव मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर सीओ गजेंद्र पाल सिंह, थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। परिजनों ने पुलिस को युवक की हत्या कर शव पेड़ से लटकाने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पोस्टमार्टम के बाद शव गांव में आते ही परिजनों ने परिवार के ही निकट संबंधियों से बृहस्पतिवार की शाम हुए विवाद में हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए शव गांव के बाहर बुंदकी मार्ग पर रखकर जाम लगा दिया। जाम की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी, अपराध निरीक्षक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया।
काफी समझाने के बाद लगभग पौन घंटे बाद जाम खोलकर परिजनों ने अरविंद का सिकंदरपुर शमशान घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया। अंतिम संस्कार में ग्राम प्रधान लक्ष्मण सिंह, पूर्व प्रधान दिनेश कुमार, भाकियू के ठाकुर गजेंद्र पाल सिंह सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।