तालाब में मिला लापता शाद का शव
स्योहारा। गांव फैजुल्लापुर से तीन सप्ताह पूर्व लापता 18 महीने के बच्चे मोहम्मद शाद का शव घर के सामने स्थित तालाब में मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने बच्चे के खेलते खेलते तालाब में डूब जाने की आशंका व्यक्त की है।
सात जनवरी की दोपहर गांव फैजुल्लापुर निवासी नौशाद अली का डेढ़ वर्ष का पुत्र मोहम्मद शाद घर के बाहर खेलते समय लापता हो गया था, जिसकी रिपोर्ट पिता नौशाद ने दर्ज कराई थी। नौशाद ने अपहरण की आशंका व्यक्त की थी। पुलिस हरिद्वार, अफजलगढ़, मैनपुरी, दिल्ली सहित अनेक स्थानों पर बच्चे की तलाश की। पुलिस द्वारा दो संदिग्धों को मामले में कई दिनों तक पूछताछ के लिए बुलाया भी गया था। रविवार को पुलिस नौशाद के घर जानकारी लेने गई थी। पुलिस को तालाब में कुछ दिखाई दिया। बच्चे की तलाश शुरू की गई। तालाब के ऊपर जमी झाड़ियां हटाते ही शाद का शव दिखाई दिया। लोगों की मदद से बच्चे के शव को निकाला गया। शव मिलने से परिवार में कोहराम मच गया। सीओ अजय कुमार अग्रवाल तथा एसओ नरेंद्र कुमार गौड़ ने घटनास्थल पर पहुंच कर जानकारी ली। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को बिजनौर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। सीओ का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही पता चल सकेगा कि शव कितने दिन पुराना है। उसी के बाद अगली कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्ट्या में खेलते-खेलते तालाब में डूबने से बच्चे की मौत हुई है।