नजीबाबाद में एलईडी बल्ब बनातीं कृष्णा स्वयं सहायता समूह की महिलाएं।
- फोटो : NAZIBABAD
स्वयं सहायता समूह को प्रोत्साहित करेंगे डीडीओ
नजीबाबाद। एनआरएलएम समूह की महिलाएं आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रही हैं। नगर के कृष्णा स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के हौसले को देखते हुए जिला विकास अधिकारी (डीडीओ) ने उन्हें प्रोत्साहन स्वरूप 20 हजार रुपये की धनराशि देने की घोषणा की है।
नजीबाबाद तहसील में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत 1700 से अधिक स्वयं सहायता समूह की महिलाएं विभिन्न लघु उद्योग आदि से जुड़ीं हैं। कोविड-19 दौर में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने स्कूली बच्चों की ड्रेस और मास्क बनाने का काम भी संभाला।
उपायुक्त स्वत: रोजगार ज्ञान सिंह और एनआरएलएम योजना कर्मचारियों के प्रोत्साहन से महिलाओं ने सौर ऊर्जा लैंप और एलईडी बल्ब बनाने की दिशा में भी हुनर दिखाए।
कृष्णा स्वयं सहायता समूह की ललिता, सरस्वती समूह की बबली और सरिता ने समूह के माध्यम से स्वावलंबन के लिए हाल ही में एलईडी बल्ब निर्माण की दिशा में कदम बढ़ाया है। जिला विकास अधिकारी बिजनौर एस कृष्णा ने हाल ही में पदभार ग्रहण किया है। उन्होंने कृष्णा स्वयं सहायता समूह के एलईडी बल्ब निर्माण योजना में महिलाओं की रुचि, सक्रिय भागीदारी के साथ कारोबार बढ़ाने में आर्थिक संकटों को देखते हुए कुछ समय के लिए अपने पास से 20 हजार रुपये की धनराशि देकर प्रोत्साहित करने का निर्णय लिया है।