शेरकोट। मोहल्ला हलवाइयान में रविवार दोपहर दो बजे खाना पकाते समय गैस सिलिंडर में आग लग गई। कुछ देर बाद ही सिलिंडर तेज धमाके के साथ फट गया। धमाके से बरामदे की छत उड़ गई और कमरों की छत में भी दरारें आ गईं। दीवारों के मलबे में दबने से अंजार अहमद (65) की मौके पर ही मौत हो गई। गनीमत रही कि खाना बना रही अंजार की पुत्रवधू बच्चों को लेकर बाहर निकल गई थी। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि 500 मीटर की परिधि में रहने वाले लोगों में अफरातफरी मच गई। काफी देर तक लोगों की समझ में नहीं आया कि क्या हुआ है।
अंजार के पुत्र जीशान ने बताया कि उनकी पत्नी सितारा घर पर खाना बना रही थी। उसका छोटा भाई कामरान पास वाले दूसरे घर में था। इस दौरान अचानक सिलिंडर में आग लग गई। आग लगते ही सितारा मदद के लिए अपने दो बच्चों को लेकर शोर मचाते हुए रसोई से बाहर निकल गई। उसके पिता अंजार अहमद बीमार होने के कारण बाहर नहीं निकल पाए। इसी बीच सिलिंडर तेज धमाके के साथ फट गया। बरामदे की सीमेंट की चादर से बनी छत टूट गई और कमराें की छत में भी दरारें आ गईं। छत और दीवारों का मलबा पिता अंजार के ऊपर गिर गया। चोट लगने से उनकी मौके पर मौत हो गई। मौके पर पहुंचे लोगों को सिलिंडर के फटने से धमाका होने का पता लगा।
सीओ आलोक कुमार सिंह का कहना है कि सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। सिलिंडर फटने के कारण घटना हुई है। पुलिस की ओर से विधिक कार्रवाई की जा रही है।