बास्टा/चांदपुर। चांदपुर-धनौरा मार्ग पर अलावलपुर मोड़ के पास शुक्रवार सुबह वाहन की टक्कर से गांव सुंदरा निवासी साइकिल सवार जागेश कुमार लगभग 49 वर्ष की मौत हो गई। गांव सुंदरा निवासी जागेश पुत्र कल्याण सिंह चांदपुर निवासी एक व्यापारी के यहां चौकीदार के रूप में कार्यरत थे।
शुक्रवार सुबह ड्यूटी समाप्त कर वह साइकिल से अपने घर लौट रहे थे। अलावलपुर मोड़ के पास तेज रफ्तार वाहन ने उनकी साइकिल में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से जागेश की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने राहगीरों की मदद से मृतक की पहचान कर परिजनों को सूचना दी। जागेश अपने पीछे पत्नी और तीन बच्चों को छोड़ गए हैं। परिजनों ने बताया कि वह परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे।
मृतक के परिजनों ने वाहन चालक के खिलाफ थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। सीओ देश दीपक सिंह ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।