धामपुर। बिजली व्यवस्था में सुधार न होने के कारण नगर और ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ता परेशान है। लोगों का कहना है कि बार-बार अधिकारियों को अवगत कराने के बाद भी सुधार नहीं हो रहा है। ऊमरी बिजलीघर से जुड़े गांवों के लोगों का जीना मुहाल हो रहा है।
क्षेत्र के गांव उमरी, भवानीपुर, तरकोला, मोरना, अलीनगर पालनी, चाकरपुर, सलावा, सरकथल माधो, खदाना आदि कई गांवों के दिनेश कुमार, केवल सिंह, छत्रपाल सिंह, विवेक कुमार, गौरव कुमार, मलखान सिंह आदि का कहना है कि उनके गांव में उमरी बिजलीघर से बिजली आपूर्ति होती है लेकिन पिछले एक महीने से व्यवस्था में सुधार नहीं होने से लोगों को भारी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।
देहात क्षेत्र में बिजली आपूर्ति 21 घंटे होने का शेड्यूल है लेकिन 8-10 घंटे भी नहीं मिल पा रही है। कई बार एसडीओ को अवगत कराया लेकिन कोई भी समाधान नहीं हो रहा है। किसानों की फसलें सिंचाई न होने के कारण सूखने लगी है। भीषण गर्मी के चलते लोगों का जीना मुश्किल हो रहा है। बिजली उपकरण शोपीस बने हुए हैं। कभी वोल्टेज कम आती है तो कभी इतनी अधिक आ जाते हैं कि बिजली के उपकरण फुंक जाते है।
विद्युत वितरण मंडल धामपुर के अधीक्षण अभियंता सतीश कुमार सिंह का कहना है कि बिजली व्यवस्था में सुधार लाने का प्रयास किया जा रहा है। विद्युत निदेशालय लखनऊ को अवगत कराया जा रहा है। उमरी बिजलीघर धामपुर मंडल से बाहर का बिजलीघर है इसलिए उन्हें वहां की कोई जानकारी नहीं है।