बरूकी/बिजनौर में घर के बाहर खेलते समय चार साल का एक मासूम टूटकर गिरे एचटी लाइन के तार के करंट की चपेट में आकर झुलस गया। मासूम को निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया गया है। ग्रामीणों ने विद्युत निगम पर लापरवाही का आरोप लगाकर कार्रवाई की मांग की है।
गांव मालीवाला स्थित उस्मान का चार वर्षीय पत्र अर्सलान बृहस्पतिवार को मोहल्ले के बाकी बच्चों के साथ घर के बाहर खेल रहा था। इस बीच, अचानक एचटी लाइन का एक तार टूटकर नीचे गिर गया। अर्सलान तार के करंट की चपेट में आ गया। तार गिरने के कुछ सेकेंड के अंदर ही आपूर्ति बाधित होने से बड़ा हादसा होने से बच गया। साथ खेल रहे बच्चों के शोर मचाने पर परिजनों ने अर्सलान को एक निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया है। वहीं गांव प्रधान सरफराज अहमद का आरोप है कि गांव में बिजली लाइन बहुत जर्जर हो चुकी है। कई बार शिकायत के बाद भी अधिकारी और कर्मचारी सुनने को तैयार नहीं हैं। शादीपुर बिजलीघर के जेई बिजेंद्र सिंह ने बताया कि तार बदलवाने के लिए इस्टीमेट बनाकर भेज दिया गया है।
वहीं बिजनौर के मोहल्ला बुखारा निवासी युवक शमीम विदुरकुटी रोड पर बनी दुकानों की छत पर पाइपों की फीटिंग कर रहा था। पाइप के एलटी लाइन से टच होने पर उसमें उतरे करंट की चपेट में आकर शमीम घायल हो गया। शमीम को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।