बिजनौर में ईदगाह का निरीक्षण करते डीएम और एसपी।
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर में डीएम बी चंद्रकला व एसपी उमेश कुमार श्रीवास्तव की मोहल्ला काजीपाड़ा में गाड़ी फंसी तो सारा प्रशासनिक अमला अतिक्रमण हटाने पर टूट पड़ा। मुख्य बाजार समेत शहर के कई इलाके अतिक्रमण से जकडे़ हुए पर इस पर किसी की नजर नहीं है। बाजार में तो आलम यह है कि पैदल निकलना भी मुसीबत बन जाता है। कामन मैन की समस्या पर किसी की नजर नहीं।
बिजनौर शहर में अतिक्रमण नासूर बनता जा रहा है। आलम यह है कि शहर में कोई इलाका ऐसा नही जहां अतिक्रमण नहीं हो रहा हो। नालों पर एक से डेढ़ मीटर पहले ही लोगों ने अतिक्रमण कर रखा है। इसके बाद दुकानों के आगे फड़ लगाने से अतिक्रमण और बढ़ रहा है। जहां फड़ नहीं लगते वहां दुकाने ंके आगे बाइक व अन्य वाहन दुकानदारों के खड़े रहते हैं। पिछले दिनों तत्कालीन डीएम वी के आनंद ने तो अतिक्रमण करने वालों की हवा निकाली थी। डीएम के डर से व्यापारी खुद अतिक्रमण हटाने में जुट गए थे। डीएम ने अतिक्रमण हटाने के लिए बिजनौर शहर तो क्या पूरे जिले में अतिक्रमण के लाल निशान लगवा दिए थे।
कह दिया था कि नाले सरकारी है नालों से हर हाल में अतिक्रमण हटेगा। वी के आनन्द का तबादला होने पर व्यापारियों ने राहत की सांस ली थी। वी के आनन्द के जिले से जाने के बाद व्यापारी फिर से पुराने ढर्रे पर लौट आए । जहां से अतिक्रमण हटा था ,वहां ओर ज्यादा अतिक्रमण कर लिया गया। अब डीएम बी चंद्रकला का अतिक्रमण करने वालों पर डंडा चलने लगा है।
शहर में निकलने पर जहां उन्हें अतिक्रमण दिखाई दे रहा उसे डीएम हटवा रही है। डीएम के अलावा किसी अन्य अफसर की अतिक्रमण पर नजर नहीं पड़ रही। मुख्य बाजार की हालत देखे तो अतिक्रमण से यह बुरी तरह जकड़ा है। लोग अतिक्रमण करने से बाज नहीं आ रहे है।
बाजार के साथ सब्जी मंडी का बुरा हाल है। सब्जी मंडी में कोई पैदल नहीं निकल सकता है। ये ही हाल घंटाघर हो या राम का चौराहा, मुख्य डाकघर हो या नगर पालिका चौराहा या मोहल्ला चाहशीरी।
अतिक्रमण नहीं होगा बर्दाश्त : डीएम
बिजनौर में डीएम बी चंद्रकला के मुताबिक रमजान के मद्देनजर ईदगाह रोड पर अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नमाजियों के लिए सभी व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं। डीएम ने कहा ईदगाह रोड पर आज जब उनकी गाड़ी फंस गई तो ईद के दिन नमाजियों के काफिले के दौरान क्या हालात होंगे। अब पूरे शहर में अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं होगा। अतिक्रमण हटवाने के लिए जनता को भी जागरूक होना पड़ेगा। सब सहयोग करें। अतिक्रमण एक दिन की समस्या भी नहीं है। उन्होंने जन प्रतिनिधियों से भी अतिक्रमण हटाने में साथ देने को कहा है। उन्होंने कहा कि सामाजिक संगठनों को भी मजबूती के साथ आगे आना होना तब जाकर अतिक्रमण मुक्त शहर हो सकते है। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण एक ऐसी समस्या है जो अकेले एक अधिकारी के सहारे खत्म नहीं हो सकती । अतिक्रमए हटेेगा फिर हो जाएगा।इसमें सब के सहयोग की जरूरत है। उन्होंने कहा कि जनता को भी इसमें आगे आना होगा। इस तरह अतिक्रमण हटे कि जो दोबारा न हो पाए। डीएम ने कहा कि अतिक्रमण देख कर आंखे मूंद कर आगे न बढ़े। उसका प्रतिरोध भी करें।