मंडावली में विधानसभा चुनाव की आदर्श चुनाव आचार संहिता के अनुपालन में पुलिस व प्रशासन काफी सजग नजर आ रहा है। रविवार रात पुलिस टीम ने गांव लाहककलां से एक व्यक्ति को तीन तमंचे, कुछ अधबने तमंचे और तमंचे बनाने के उपकरणों के साथ दबोचा।
मंडावली थाने के उपनिरीक्षक शिवशंकर शर्मा एवं रामवीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रविवार रात गांव लाहककलां में दबिश दी। पुलिस ने विनोद को उसके घर से हिरासत में लिया। पुलिस ने विनोद के पास से तीन तमंचे, कुछ अधबने तमंचे, कारतूस और तमंचे बनाने के उपकरण बरामद करने का दावा किया। एसआई शिवशंकर सिंह की ओर से विनोद के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस ने पूछताछ के बाद आरोपी को जेल भेज दिया। उधर, आबकारी निरीक्षक वीरेंद्र सिंह के नेतृत्व में टीम ने गांव लाहककलां में दबिश देकर एक घर से कच्ची शराब और शराब बनाने के उपकरण बरामद किए। टीम आने की सूचना पर कच्ची शराब बनाने के आरोपी भाग निकले। टीम शराब और उपकरण कब्जे में लेकर लौट आई। दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। उधर, टीम ने नजीबाबाद थाना क्षेत्र के गांव उब्बनवाला में दबिश देकर एक घर से कच्ची शराब, लाहन और शराब बनाने के उपकरण बरामद किए। घर पर मिली महिला को शराब बनाने का गोरखधंधा तुरंत बंद कर देने की चेतावनी देकर टीम वापस लौट आई।