बिजनौर में हंगामा कर रहे मृतक अंकुल के परिजनों को समझाती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर में ससुराल गए युवक का गांव खारी के पास सड़क किनारे शव पड़ा मिलने से सनसनी फैल गई। परिजनों ने युवक की हत्या करने की आशंका जताई है। मृतक के परिजनों ने युवक की मौत पर जमकर हंगामा किया। पुलिस से आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर तीखी नोकझोंक हुई। पुलिस ने लोगों को समझाबुझाकर उनके गुस्से को शांत किया। पुलिस ने कहा कि इस मामले में जांच के बाद आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
हल्दौर थाने के गांव गोसपुर निवासी प्रेमसिंह के 23 साल के पुत्र अंकुल की दो माह पहले गांव रसूलपुर से शादी हुई थी।
उसका साला सुनील अपने गांव की एक किशोरी के साथ दुष्कर्म के मामले में जेल में बंद है। ग्रामीणों के मुताबिक मंगलवार को वह अपनी ससुराल रसूलपुर साले के मुकदमे में फैसला कराने के लिए गया था। रात में वहां से लौट रहा था। बुधवार की सुबह अंकुल का शव गांव खारी के पास स्थित कब्रिस्तान के सामने सड़क किनारे पड़ा मिला। उसके पास पड़ी बाइक का अगला हिस्सा टूटा हुआ था। सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सूचना मिलते ही युवक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। मृतक के परिजनों की पुलिस से तीखी नोकझोंक भी हुई। परिजनों ने कहा कि युवक की हत्या को पुलिस हादसा बनाने पर तुली हुई है। पुलिस ने मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों के गुस्से को शांत किया। झालू चौकी के प्रभारी रविंद्र सिंह नैन के मुताबिक प्रथम दृष्टया मामला दुर्घटना लग रहा है। मृतक के परिजनों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की जाएगी।