बलरामपुर में कोतवाली देहात क्षेत्र के सैदा गांव निवासी एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में जलकर मौत हो गई। मंगलवार को परिवारीजन विवाहिता को लेकर बहराइच जिला अस्पताल पहुंचे थे।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। अस्पताल में मौजूद मृतका के पिता ने दामाद पर हत्या करने का आरोप लगाया हैै। गोंडा के मनकापुर थाना अंतर्गत महरवापुर गांव निवासी दूधनाथ सिंह ने बेटी बेबी (35) की शादी 2004 में बलरामपुर में कोतवाली देहात क्षेत्र के सैदा गांव निवासी पप्पू सिंह के साथ की थी।
मंगलवार की शाम अचानक बेबी के कपड़ों में आग लग गई और वह गंभीर रूप से झुलस गई। परिवारीजनों ने किसी तरह आग बुझाकर बेबी को जिला अस्पताल बहराइच पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना पाकर पहुंचे पिता दूधनाथ सिंह ने दामाद पर बेटी की हत्या करने का आरोप लगाया है। मामले में अभी रिपोर्ट नहीं दर्ज कराई गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
वही, फखरपुर थाना अंतर्गत हैबतपुर गांव निवासी शशिबाला (21) मंगलवार की रात गैस सिलेंडर पर दूध गर्म कर रही थी। तभी सिलेंडर की पाइप अचानक फट गई। इससे शशिबाला के कपड़ों में आग लग गई। परिवारीजनों ने किसी तरह आग बुझाई और शशिबाला को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
उधर, नानपारा कोतवाली अंतर्गत गौरा गांव निवासी सरोज कौर (30) दूध गर्म कर उसे टांड़ पर रख रही थी। तभी खौलता दूध उसके ऊपर गिर गया। इससे वह झुलस गई। सरोज को जिला अस्पताल लाया गया है।