बिजनौर। बाइक सवार बदमाशों ने सोमवार को दिनदहाड़े स्कूटी से घर जा रहे एक व्यापारी की जांघ में गोली मारकर उनसे पांच लाख रुपये से भरा बैग लूट लिया और फरार हो गए। व्यापारी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बदमाशों की तलाश की, पर कोई बदमाश हाथ नहीं लगा।
बिजनौर के मोहल्ला नई बस्ती में गुरुद्वारा मार्ग पर रहने वाले व्यापारी राजीव गुप्ता की शहर कोतवाली मार्ग पर गुप्ता मोटर्स के नाम से कृषि यंत्रों की दुकान है। सोमवार को व्यापारी ने तीन लाख 75 हजार रुपये एक्सिस बैंक से निकाले। एक लाख 25 हजार रुपये दुकान से लिए।
सारे रुपयों को बैग में रखकर व्यापारी स्कूटी से दोपहर करीब डेढ़ बजे घर लेकर चल दिए। मोहल्ला नई बस्ती में जैन धर्मशाला से कुछ दूरी पर पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने गाली देकर व्यापारी को रोका।
व्यापारी जब तक कुछ समझता बदमाशों ने व्यापारी के दाएं पैर की जांघ में गोली मार दी और उनसे रुपयों से भरा बैग लूटकर ले गए। गोली चलते ही मोहल्ले में सनसनी फैल गई। आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े।
घायल व्यापारी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। एसपी सुभाष सिंह बघेल समेत तमाम अफसरों ने मौके पर पहुंचकर वारदात की जानकारी ली।
पुलिस ने बदमाशों की तलाश की, पर कोई बदमाश हाथ नहीं आया। घटना को अंजाम देने वाले बदमाशों में बाइक चला रहे बदमाश ने हेलमेट पहन रखा था व पीछे बैठा बदमाश मुंह पर कपड़ा बांधे था। शहर कोतवाल अजय गौतम के मुताबिक बदमाशों को पकड़ने के लिए पुलिस की टीम लगा दी गई है।
सीसी कैमरे में कैद हुए बदमाश
जैन धर्मशाला से आगे एक अखबार के कार्यालय में लगे सीसी कैमरे में लूटपाट करने वाले बदमाशों की सारी हरकत कैद हो गई है। एसपी समेत पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को बारीकी से देखा। पुलिस फुटेज के जरिए बदमाशों तक पहुंचने की कोशिश में जुटी है। बदमाश कौन हो सकते हैं, अभी पुलिस बदमाशों के हुलिए के आधार पर पहचान करने में जुटी है।
बैंक से ही पीछे लगे थे
बिजनौर। व्यापारी राजीव गुप्ता को गोली मारकर उनसे पांच लाख रुपये लूटने वाले बदमाश बैंक से ही उनके पीछे लगे थे। व्यापारी को बैंक से निकलते ही बदमाशों ने टारगेट बना लिया।
पुलिस मान रही है कि बदमाशों को व्यापारी के बैंक से रुपये निकालने का पता लग गया होगा। तभी से वह पीछे लग गए और मौका लगते ही गोली मारकर रुपये लूटकर भाग गए।
व्यापारियों ने की निंदा
बिजनौर। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल की बैठक में व्यापारी राजीव गुप्ता पर हुए हमले और लूट की घटना की निंदा की। प्रदर्शनी मैदान के पास हुई बैठक में जिलाध्यक्ष रविंद्र पाराशर ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने को कहा।
संचालन नगर अध्यक्ष अरुण वर्मा ने किया। प्रांतीय मंत्री विजय गंभीर, संजीव अग्रवाल, पुष्पेंद्र अग्रवाल, सतेंद्र अरोरा, धर्मेंद्र राणा, सौरभ शर्मा आदि रहे।